डीबीयू के चांसलर डॉ. ज़ोरा सिंह ऑल इंडिया मीडिया मीट दौरान पंजाब के राज्यपाल द्वारा सम्मानित
डीबीयू के चांसलर डॉ. ज़ोरा सिंह ऑल इंडिया मीडिया मीट दौरान पंजाब के राज्यपाल द्वारा सम्मानित
लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए मीडिया का स्वतंत्र और जिम्मेदार होना जरूरी: कटारिया
मंडी गोबिंदगढ़, 15 दिसंबर: देश भगत यूनिवर्सिटी (डीबीयू) के चांसलर डॉ. ज़ोरा सिंह को चंडीगढ़ में आयोजित दो दिवसीय ऑल इंडिया मीडिया मीट के दौरान पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए अवार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डीबीयू के प्रेसिडेंट डॉ. संदीप सिंह भी उपस्थित थे।
समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राज्यपाल कटारिया ने कहा कि स्वतंत्र, विश्वसनीय और जिम्मेदार मीडिया मजबूत लोकतंत्र की रीढ़ है। उन्होंने डिजिटल युग में फेक न्यूज और गलत सूचना के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए कहा कि आज पत्रकारों के सामने सत्य की पुष्टि सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
राज्यपाल ने कहा कि मीडिया समाज की अंतरात्मा और नागरिकों के अधिकारों का रक्षक है। उन्होंने नैतिक, संतुलित और सटीक पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया तथा मीडिया कर्मियों के कल्याण और उनकी जायज मांगों के समर्थन का आश्वासन दिया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लिए योगदान देने वाली कई विशिष्ट हस्तियों को भी सम्मानित किया।
इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए चांसलर डॉ. ज़ोरा सिंह ने कहा कि यह सम्मान देश भगत यूनिवर्सिटी की छात्र-केंद्रित शिक्षा, समग्र विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ट्रिब्यून एंप्लॉयीज यूनियन द्वारा आयोजित इस मीडिया मीट में देशभर की पत्रकार और गैर-पत्रकार यूनियनों ने प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया से जुड़ी चुनौतियों, श्रम अधिकारों और पत्रकारिता के भविष्य पर विचार-विमर्श किया।
